जय राम🙏जय जोहार साथियों
सोमनी में स्थापित होगी इकाई, 6 हजार प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना
राजनांदगांव- जिले के औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ सरकार की मंत्रिपरिषद ने ग्राम सोमनी स्थित राजगामी संपदा की भूमि पर लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से मेगा मल्टी फ्रूट फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के तकनीकी सहयोग से प्रस्तावित इस परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ करीब 6,000 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
इस परियोजना के धरातल पर उतरने से स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के नए अवसर मिल सकेंगे। इससे रोजगार की तलाश में दूसरे क्षेत्रों की ओर होने वाले पलायन को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश बढ़ने से राजनांदगांव की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
किसानों को मिलेगा कृषि उत्पादों का बेहतर मूल्य-
मेगा फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना से जिले के किसानों को भी लाभ मिलने की संभावना है। फलों एवं अन्य कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण की सुविधा विकसित होने से किसानों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए बेहतर अवसर मिल सकेंगे। इसके अलावा कृषि उत्पादों की खरीद, परिवहन, भंडारण और उनसे जुड़ी व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कृषि आधारित उद्योगों का केंद्र बनेगा राजनांदगांव-
ग्राम सोमनी में प्रस्तावित इस परियोजना को जिले के आर्थिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके माध्यम से राजनांदगांव में कृषि आधारित उद्योगों के विकास को प्रोत्साहन मिलेगा। परियोजना के क्रियान्वयन से स्थानीय व्यापार, परिवहन और सहायक उद्योगों में भी रोजगार तथा कारोबार की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। करीब 400 करोड़ रुपये के निवेश वाली यह परियोजना जिले की औद्योगिक पहचान को मजबूत करने के साथ किसानों की आय बढ़ाने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
विमल अग्रवाल
संपादक- डीजी न्यूज़






