जय राम🙏जय जोहार साथियों
विधायक हर्षिता स्वामी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट का घेराव, जनसमस्याओं के निराकरण की मांग

धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू करने, टोकन की समस्या दूर करने और डोंगरगढ़ में बाईपास निर्माण सहित विभिन्न मांगों को लेकर जुटे हजारों ग्रामीण, किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता
राजनांदगांव- डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं जनहित के मुद्दों को लेकर हजारों ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजनांदगांव कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने किसानों की समस्याओं, सड़क एवं पुल निर्माण, नजूल नवीनीकरण, पट्टा वितरण, बिजली कटौती और रोजगार सहित विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए शासन-प्रशासन से शीघ्र निराकरण की मांग की।
धान खरीदी, खाद और फसल बीमा का मुद्दा प्रमुख-
प्रदर्शन के दौरान किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। प्रमुख मांगों में 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने, टोकन संबंधी परेशानियों से राहत देने, पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने तथा किसानों को फसल बीमा की राशि प्रदान करने की मांग शामिल रही। इसके साथ ही खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने की मांग भी की गई।
बाईपास, सड़क और पुल निर्माण की मांग-
डोंगरगढ़ शहर में बाईपास निर्माण, शहर में नजूल नवीनीकरण की प्रक्रिया तथा नगरीय निकाय क्षेत्र में निवासरत लोगों को पट्टा वितरण की मांग उठाई गई। इसके अलावा मोहरा से सुकुलदैहान सड़क निर्माण, कातलवाही-कटली-उपरवाह से तिलई मार्ग निर्माण और तिलई-बढ़ईटोला सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने सोनबरसा कलेवा नाला एवं पदुमतरा मार्ग पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण, मालाडबरी गेट की मरम्मत, घुमका में नवीन अस्पताल भवन और बस स्टैंड निर्माण सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पुल-पुलियों के निर्माण की मांग भी रखी।
बिजली, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं पर जोर-
ग्रामीण युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, अघोषित बिजली कटौती बंद करने तथा अधिक बिजली बिलों की समस्या का निराकरण करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का समाधान कर आम जनता को राहत प्रदान की जानी चाहिए।
जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान जरूरी- हर्षिता
विधायक हर्षिता स्वामी ने कहा कि जनता की समस्याओं को केवल ज्ञापन तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि उनका समयबद्ध और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। क्षेत्र की जनता की समस्याएं उनकी अपनी समस्याएं हैं और उनके निराकरण के लिए वे लगातार प्रयास करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों की रक्षा, ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। विधायक ने प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक जनता की जायज समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव, जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष दुर्गेश द्विवेदी, महामंत्री विजयराज सिंह चौहान, सचिव सुरेश सिन्हा, डोंगरगढ़ शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश भंडारी, डोंगरगढ़ ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पंचराम चंदेल और घुमका ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रभारी अध्यक्ष पुसऊ राम वर्मा सहित डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, पार्षदगण, कांग्रेस सेवादल, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, ग्रामीणजन एवं किसान बड़ी संख्या में शामिल हुए।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़






