जय राम🙏जय जोहार साथियों
डोंगरगढ़ मेले में 1,100 से अधिक पुलिस बल की तैनाती, 30 राजपत्रित अधिकारी एवं 50 निरीक्षक स्तर के अधिकारी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था-

राजनांदगांव- शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं सुव्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए राजनांदगांव पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव के मार्गदर्शन तथा राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में व्यापक स्तर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। इस दौरान 30 राजपत्रित अधिकारी, 50 निरीक्षक स्तर के अधिकारी तथा 1,100 से अधिक पुलिस बल श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहेगा।
माँ बम्लेश्वरी मंदिर से मेला क्षेत्र तक व्यापक सुरक्षा व्यवस्था-
मां बम्लेश्वरी ऊपर मंदिर, नीचे मंदिर, मेला क्षेत्र, दर्शन मार्ग, रेलवे स्टेशन और प्रमुख आवागमन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, अपराधों की रोकथाम और आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय रहेंगी। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए क्राइम टीम भी तैनात रहेगी।
पार्किंग स्थलों पर CCTV एवं प्रकाश व्यवस्था-
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डोंगरगढ़ के प्रत्येक पार्किंग स्थल पर सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
प्रमुख मार्गों पर विशेष यातायात व्यवस्था-
नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं एवं पदयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डोंगरगढ़ आने वाले प्रमुख मार्गों पर विशेष यातायात प्रबंधन किया गया है। प्रमुख मार्ग-
1)अंजोरा बायपास से डोंगरगढ़ मार्ग।
2)तुमड़ीबोड़ से डोंगरगढ़ मार्ग।
3)चिचोला–खैरागढ़ मार्ग।
आवश्यकतानुसार डायवर्जन और वाहनों की आवाजाही का नियमन किया जाएगा। वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की गई है।
पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष पहल-
रात्रि में पदयात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए राजनांदगांव पुलिस द्वारा 20 हजार रेडियम स्टिकर वितरित किया गया है। इससे अंधेरे में पदयात्रियों की दृश्यता बढ़ेगी और वाहन चालकों को उन्हें समय रहते पहचानने में मदद मिलेगी। पुलिस ने पदयात्रियों से सड़क किनारे सुरक्षित चलने, समूह में अनुशासित ढंग से यात्रा करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
आपात स्थिति में कंट्रोल रूम से करें संपर्क-
मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर श्रद्धालु राजनांदगांव पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकेंगे। इसके अलावा डोंगरगढ़ के छीरपानी डोम, ऊपर मंदिर और नीचे मंदिर परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम में मौजूद पुलिस अधिकारियों से भी सहायता ली जा सकेगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनावश्यक आभूषण और अधिक नकदी साथ लाने से बचें। बच्चों को भीड़ में अकेला न छोड़ें तथा उन्हें अभिभावकों का नाम और मोबाइल नंबर याद करवाएं। बिछड़ने की स्थिति में निकटतम पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम से तत्काल संपर्क करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना भी पुलिस को देने की अपील की गई है। श्रद्धालु निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें तथा सड़क पर अनावश्यक भीड़ या जाम की स्थिति उत्पन्न न होने दें। यातायात नियमों का पालन, पुलिस द्वारा जारी मार्ग एवं डायवर्जन संबंधी निर्देशों का पालन करें और पदयात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखें।
मेला ड्यूटी के लिए विशेष बल, हर परिस्थिति से निपटने की तैयारी-
नवरात्रि मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशेष पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। पुलिस की विभिन्न टीमें भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, अपराध रोकथाम, कानून-व्यवस्था एवं आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए मुस्तैद रहेंगी।
पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ दर्शन एवं आवागमन को यथासंभव सुगम बनाना है। विभिन्न स्थानों पर पुलिस की सतत मौजूदगी एवं आपसी समन्वय के माध्यम से संपूर्ण आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के प्रयास किए जाएंगे।
अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था-
माँ बम्लेश्वरी मंदिर के अतिरिक्त जिले के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों माँ शीतला मंदिर, माँ पाताल भैरवी मंदिर एवं माँ करेला भवानी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।
राजनांदगांव पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि माँ के दर्शन के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण, सुगम आवागमन एवं आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराना भी है।
“राजनांदगांव पुलिस का संकल्प- सुरक्षित श्रद्धालु, सुगम दर्शन, सुव्यवस्थित नवरात्रि”
“राजनांदगांव पुलिस उत्साहित है, तैयार है और माँ की सेवा में तत्पर है।” माँ बम्लेश्वरी के दर्शन हेतु पधारने वाले समस्त श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़







