डोंगरगढ़- वन विभाग का कारनामा, जेसीबी से काम और श्रमिकों के नाम पर वाउचर बनाने का आरोप।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जय राम🙏जय जोहार साथियों

दक्षिण बोरतलाव वन परिक्षेत्र अधिकारी अनुराग वर्मा पर अनियमितता का आरोप, जेसीबी से काम करवाकर श्रमिकों के नाम पर वाउचर बनाने का गंभीर आरोप

नवाटोला में सीपीटी नाली निर्माण और बोदालदंड में लेंटाना सफाई कार्य में गड़बड़ी का मामला, ग्रामीणों ने की जांच की मांग।

डोंगरगढ़- दक्षिण बोरतलाव वन परिक्षेत्र के उप परिक्षेत्र चाबुकनाला के परिसर बागनदी (नवा टोला) के कक्ष क्रमांक 592, 593 में सीपीटी नाली निर्माण तथा बोदालदंड क्षेत्र में लेंटाना सफाई के नाम पर कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। वन समिति से जुड़े ग्रामीणों ने विभागीय कार्यों में नियमों की अनदेखी और शासकीय राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, नवाटोला क्षेत्र में सीपीटी नाली निर्माण का कार्य मजदूरों के माध्यम से कराए जाने के बजाय जेसीबी मशीन से कराया गया। इसके बावजूद कार्य का बाउचर एवं इनक्लोजर श्रमिकों के नाम पर तैयार किए जाने का आरोप है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार परिसर बागनदी के अंतर्गत कक्ष क्रमांक 583 में लेंटाना का कार्य नाममात्र 2 दिन चलाया गया और उसमें भी श्रमिकों के नाम से लगभग 3 लाख का वाउचर बनाया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि मशीन से कार्य कराया गया है तो मजदूरी के नाम पर भुगतान किया जाना नियमों के विपरीत है। वहीं, बोदालदंड क्षेत्र में लेंटाना सफाई कार्य को लेकर भी अनियमितताओं की बात सामने आई है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वन परिक्षेत्र अधिकारी के द्वारा स्थानांतरण के बाद विभागीय कार्यों को आनन-फानन में पूरा कराया गया और इसी दौरान कथित तौर पर शासकीय राशि के बंदरबांट का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने पूरे मामले में कार्यस्थल का भौतिक सत्यापन, मजदूरों की उपस्थिति, मस्टर रोल, भुगतान अभिलेख एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।

इस संबंध में दक्षिण बोरतलाव वन परिक्षेत्र अधिकारी अनुराग वर्मा का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

अब देखना होगा कि वन विभाग के उच्चाधिकारी ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर वास्तविक स्थिति सामने लाते हैं या नहीं।

विमल अग्रवाल

संपादक- डीजी न्यूज़

1
0
5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!