जय राम🙏जय जोहार साथियों
दो आरोपियों के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में 3 पुलिसकर्मी पर और लेनदेन की शिकायत पर ए.एस.आई के खिलाफ एसपी अंकिता शर्मा ने की कार्रवाई।

राजनांदगांव- पुलिस विभाग में लगातार हो रही कार्रवाई से ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामलों पर सख्ती का संदेश देते हुए जिले की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।
पहले मामले में थाना कोतवाली में गैर जमानती धाराओं में दर्ज गंभीर मामलों के आरोपी विशाल बांसफोड़ एवं राजेश साहू 26 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे पुलिस अभिरक्षा से थाना कोतवाली से फरार हो गए। आरोपियों की सुरक्षा एवं थाना ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर आरक्षक नितेश ध्रुव, किशन देवांगन एवं दुर्गेश साहू को निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध किया गया है।
वहीं, दूसरे मामले में थाना बोरतलाव में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक गोकुल सोनकर के खिलाफ रुपयों के लेनदेन संबंधी लिखित शिकायत मिलने पर उन्हें निलंबित कर रक्षित केंद्र संबद्ध किया गया है।
दोनों मामलों में विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपियों के मामले एवं बोरतलाव सहायक उप निरीक्षक के लेनदेन मामले की प्राथमिक जांच रिपोर्ट सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने कहा गया है।
विमल अग्रवाल
संपादक- डीजी न्यूज़




