जय राम🙏जय जोहार साथियों
4 प्रकरणों में 284.40 क्विंटल धान व वाहन जप्त, जिले में अब तक 42 प्रकरण में 3,639.70 क्विंटल धान और 6 वाहन जब्त।
राजनांदगांव- समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही है। अवैध धान के भंडारण, परिवहन एवं खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिशों पर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए छुरिया स्थित मेसर्स एआर राईस इंडस्ट्री को सील कर दिया। वहीं, जिले में एक दिन में 4 प्रकरण दर्ज कर 674 कट्टा (284.40 क्विंटल) धान एवं एक वाहन जप्त किया गया।
छुरिया स्थित राईस मिल के निरीक्षण के दौरान मिल बंद पाई गई। जांच में सहयोग नहीं करने तथा अनियमितता की आशंका के चलते मिल को आगामी आदेश तक सील कर दिया गया। जांच पूरी होने के बाद ही मिल खोलने पर निर्णय लिया जाएगा। उक्त मिल के विरुद्ध पिछले वर्ष भी अवैध रूप से कोचियों एवं बिचौलियों से धान खरीदी के मामले में कार्रवाई की गई थी। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राईस मिल द्वारा धान उपार्जन केन्द्रों से 27 हजार 906.57 क्विंटल धान का उठाव किया गया था। जिसके विरूद्ध 18 हजार 772.07 क्विंटल चावल जमा किया जाना था। मिल द्वारा अब तक केवल 6 हजार 691.80 क्विंटल चावल जमा किया गया है तथा 12 हजार 80.27 क्विंटल चावल जमा करना शेष है।
वहीं डोंगरगढ़ के बोरतलाव जांच नाका में महाराष्ट्र से अवैध धान परिवहन करते एक वाहन सहित 420 कट्टा (183.40 क्विंटल) धान जप्त किया गया। लालबहादुर नगर में 38 कट्टा (15 क्विंटल) तथा राजनांदगांव के मलपुरी स्थित पोहा मिल से 216 कट्टा (86 क्विंटल) धान भी जप्त किया गया। लाइसेंस की निर्धारित सीमा से अधिक धान संग्रहण एवं आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।
जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक अवैध धान के 42 प्रकरणों में कुल 8,539 कट्टा (3,639.70 क्विंटल) धान एवं 6 वाहन जप्त किए जा चुके हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोचियों, बिचौलियों तथा अवैध धान कारोबार में सहयोग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
विमल अग्रवाल
संपादक- डीजी न्यूज़




