जय राम🙏जय जोहार साथियों
राजनांदगांव- किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा कीटनाशकों के अवैध और नियम विरुद्ध व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कृषि विभाग द्वारा जिले में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक 122 कीटनाशी विक्रय परिसरों का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 9 कीटनाशी अनुज्ञप्तियां निलंबित, 22 विक्रय केंद्रों पर कीटनाशकों के विक्रय पर प्रतिबंध तथा 1 विक्रय केंद्र की अनुज्ञप्ति निरस्त की गई है। इसके अलावा 8 अमानक कीटनाशकों के विक्रय पर भी प्रतिबंध लगाते हुए संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी किया गया है।

उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि प्राप्त शिकायतों के आधार पर जिले के विभिन्न कीटनाशी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान लाल बहादुर नगर के साहू कृषि केंद्र, अभिषेक कृषि केंद्र, गायत्री कृषि केंद्र तथा डोंगरगढ़ के देवांगन कृषि केंद्र में कीटनाशी अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के विपरीत कीटनाशकों का व्यापार किए जाने की बात सामने आई।
विक्रेताओं द्वारा आवश्यक एवं वैध दस्तावेजों के बिना कीटनाशकों का व्यापार किए जाने पर विभाग द्वारा नियमानुसार विक्रय प्रतिबंध एवं अनुज्ञप्ति निलंबन की कार्रवाई की गई।
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार किसानों के हितों की रक्षा और गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिले में कीटनाशी, उर्वरक एवं बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। नियम विरुद्ध व्यापार, अमानक कृषि आदानों के विक्रय अथवा आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में कृषि आदानों का व्यवसाय करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़








