राजनांदगांव- “इंडिया के टॉप 1%” के फाइनल राउंड में पहुंचीं डोंगरगढ़ की आर्ची अग्रवाल ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जय राम🙏जय जोहार साथियों

🔷“इंडिया के टॉप 1%” के फाइनल राउंड तक पहुंचीं डोंगरगढ़ की आर्ची अग्रवाल, बढ़ाया छत्तीसगढ़  का मान।

🔷10 लाख रुपये लेने के बजाय 1 करोड़ रुपये के लिए खेलने का चुना विकल्प, 100 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ फाइनल तक पहुंचीं आर्ची।

🔷फिल्म अभिनेता अनिल कपूर हैं कार्यक्रम के होस्ट, आर्ची के उत्साहवर्धन में लगाया ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का नारा।

राजनांदगांव- डोंगरगढ़ नगर की प्रतिभाशाली बेटी आर्ची अग्रवाल ने लोकप्रिय क्विज कार्यक्रम ‘इंडिया के टॉप 1%’ में अपनी प्रतिभा, ज्ञान और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन कर डोंगरगढ़ सहित पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। फिल्म अभिनेता अनिल कपूर द्वारा होस्ट किए जाने वाले इस कार्यक्रम में आर्ची ने 100 प्रतिभागियों के बीच 12 राउंड की प्रतियोगिता के बाद फाइनल राउंड तक पहुंचकर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।

विजय अग्रवाल की पुत्री आर्ची अग्रवाल वर्तमान में मुंबई में केपीएमजी (KPMG) कंपनी से चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की फाइनल परीक्षा की तैयारी के साथ आर्टिकलशिप कर रही हैं। पढ़ाई और व्यावसायिक प्रशिक्षण के बीच उन्होंने इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

10 लाख छोड़ 1 करोड़ रुपये के लिए खेलने का फैसला-

डीजी न्यूज से कार्यक्रम के अनुभव साझा करते हुए आर्ची ने बताया कि अंतिम फाइनल राउंड में पहुंचने पर उनके सामने 10 लाख रुपये लेकर कार्यक्रम छोड़ने अथवा 1 करोड़ रुपये की राशि के लिए फाइनल राउंड में खेलने का विकल्प था। आर्ची ने 10 लाख रुपये लेने के बजाय फाइनल राउंड में खेलने का निर्णय लिया। उनका यह फैसला उनके आत्मविश्वास और चुनौती स्वीकार करने के साहस को दर्शाता है।

अनिल कपूर ने किया आर्ची का उत्साहवर्धन-

आर्ची ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान उनके गृह राज्य छत्तीसगढ़ को लेकर उत्साहवर्धन करते हुए फिल्म अभिनेता अनिल कपूर ने “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” का नारा लगाया। इससे उन्हें अपने गृह राज्य और डोंगरगढ़ का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व महसूस हुआ।

परिवार और नगर में खुशी का माहौल-

आर्ची की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शुभचिंतकों और डोंगरगढ़ नगर में खुशी का माहौल है। पढ़ाई के साथ प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर फाइनल राउंड तक पहुंचना उनकी मेहनत, लगन और ज्ञान का परिचायक है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखते हुए बड़े मंचों पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

‘इंडिया के टॉप 1%’ कार्यक्रम का प्रसारण स्टार प्लस और जियो हॉटस्टार पर प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को रात 8 बजे होता है। जानकारी के अनुसार आगामी रविवार 1 नवंबर के प्रसारण में आर्ची की भागीदारी देखने को मिलेगी। डोंगरगढ़वासियों को अपनी इस होनहार बेटी के प्रदर्शन को देखने का इंतजार है।

विमल अग्रवाल

संपादक- डीजी न्यूज़

3
0
5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!