डोंगरगांव- ऋण लेन-देन में दबावपूर्वक की गई 15 साल पुरानी जमीन की रजिस्ट्री शून्य घोषित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जय राम🙏जय जोहार साथियों

15 साल पुरानी जमीन की रजिस्ट्री शून्य घोषित, कृषकों को मिलेगी 5 एकड़ भूमि वापस

ऋण लेन-देन के दौरान दबावपूर्वक कराई गई थी जमीन की रजिस्ट्री, एसडीएम डोंगरगांव ने जारी किया आदेश।

राजनांदगांव- कृषकों के हितों के संरक्षण की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए करीब 15 साल पुरानी कृषि भूमि की रजिस्ट्री को शून्य घोषित कर दिया है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डोंगरगांव द्वारा दिए गए इस फैसले से ग्राम आसरा एवं किरगी के कृषकों को करीब 5 एकड़ कृषि भूमि वापस मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम आसरा एवं किरगी की कृषि भूमि के प्रकरण की सुनवाई और जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित भूमि की रजिस्ट्री वास्तविक खरीदी-बिक्री के उद्देश्य से नहीं, बल्कि ऋण के लेन-देन के दौरान दबावपूर्वक कराई गई थी। जांच में यह भी पाया गया कि कृषकों ने अपनी स्वतंत्र सहमति से भूमि का विक्रय नहीं किया था।

मामले के तथ्यों एवं उपलब्ध दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद छत्तीसगढ़ समाज के कमजोर वर्गों के कृषि भूमि धारकों का उधार देने वालों के भूमि हड़पने संबंधी कुचक्रों से परित्राण तथा मुक्ति अधिनियम, 1976 की धारा 7 (ii) के तहत ग्राम आसरा की भूमि की 11 जनवरी 2010 तथा ग्राम किरगी की भूमि की 19 जुलाई 2011 को हुई रजिस्ट्री को शून्य घोषित करने का आदेश जारी किया गया है।

साथ ही संबंधित भूमि के राजस्व रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार कर उक्त भूमि पुनः कृषकों के नाम दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन के इस फैसले से प्रभावित कृषकों को उनकी करीब 5 एकड़ कृषि भूमि वापस मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

विमल अग्रवाल

संपादक-डीजी न्यूज़

0
0
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!