जय राम🙏जय जोहार साथियों
कलेक्टर ने रेल्वे ओवरब्रिज निर्माण की शिकायत पर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए रेल्वे को भेजा पत्र।
राजनांदगांव- जिले में 26 करोड़ रूपए की लागत से राजनांदगांव से सुकुलदैहान मार्ग में ग्राम बरगा एवं आलीवारा में बने रेलवे ओवरब्रिज में कई गंभीर कमियां सामने आई थीं। पहली बरसात में ही ब्रिज में लगभग 60 से 70 फिट दरारें आ गई जो भ्रष्टाचार की ओर साफ साफ इशारा कर रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने ब्रिज निर्माण की गुणवत्ता पर आक्रोश व्यक्त करते हुए शासन प्रशासन से उच्च स्तरीय जाँच की माँग की थी।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने राजनांदगांव जिले के ग्राम बरगा एवं आलीवारा स्थित रेल्वे ओवरब्रिज के कथित गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य संबंधी प्रकाशित समाचार को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को पत्र प्रेषित किया है।
कलेक्टर द्वारा प्रेषित पत्र में उल्लेख किया गया है कि मीडिया में ग्राम बरगा एवं आलीवारा स्थित रेल्वे ओवरब्रिज के गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य के संबंध में समाचार प्रकाशित हुआ है। कलेक्टर ने रेल्वे से कहा कि प्रकाशित शिकायत के संबंध में उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा जांच प्रतिवेदन के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़








