जय राम🙏जय जोहार साथियों
बोरतलाव में दर्दनाक हादसा- पानी में डूबने से तीन स्कूली बच्चों की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
डोंगरगढ़- बोरतलाव क्षेत्र के आश्रित ग्राम गांधीनगर में 15 जुलाई बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे में तीन स्कूली बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। देर शाम ग्रामीणों की मदद से तीनों बच्चों के शव पानी से बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डोंगरगढ़ की मर्चुरी भेजा गया।
मृतक बच्चों की पहचान सार्थक कोकोटे (पिता कमलेश कोकोटे), कृष मंडावी (पिता राकेश मंडावी) तथा दानिश मंडावी (पिता राकेश मंडावी) के रूप में हुई है। तीनों बच्चों की उम्र लगभग 8 वर्ष बताई जा रही है और वे आदिवासी समाज से संबंधित थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब बच्चे स्कूल से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गांधीनगर जाने वाले मार्ग पर पानी से भरे एक गहरे गड्ढे के पास खेलते समय तीनों बच्चे पानी में डूब गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित मार्ग पर रेलवे निर्माण कार्य के दौरान बना गहरा गड्ढा लंबे समय से पानी से भरा हुआ था। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए रेलवे ठेकेदार की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया गया है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि शिक्षकों की हड़ताल के चलते बुधवार को बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने की व्यवस्था नहीं हो सकी। उनका दावा है कि सामान्य दिनों में शिक्षक ही बच्चों को घर से स्कूल लाने और वापस छोड़ने का कार्य करते थे।
फिलहाल पुलिस एवं प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। हादसे से पूरे गांधीनगर एवं बोरतलाव क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़








