जय राम🙏जय जोहार साथियों
अंधे कत्ल का खुलासा- अवैध संबंध के चलते पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर की पति की हत्या।

राजनांदगांव/छुरिया- पुलिस चौंकी चिचोला ने ग्राम रामपुर निवासी प्रेमलाल साहू की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू और उसके कथित बॉयफ्रेंड नरबद साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने प्रेमलाल साहू के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या की थी और वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया था। मामले में आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला था मृतक-
ग्राम रामपुर निवासी ओमप्रकाश साहू ने चौंकी चिचोला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई प्रेमलाल साहू 10 अगस्त 2026 को शाम के ग्राम महाराजपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास एनएच-53 के किनारे गड्ढे में घायल अवस्था में मिला था। उसके मुंह, नाक और माथे पर चोट के निशान थे तथा खून बह रहा था। मृतक के पास एक बड़े पत्थर पर खून के निशान मिले थे। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, गवाहों एवं परिजनों से प्राप्त जानकारी के साथ मोबाइल सीडीआर और लोकेशन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर नरबद साहू (40), निवासी ग्राम पटपर और मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू (27), निवासी ग्राम रामपुर को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा प्रेमलाल साहू के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या करना स्वीकार किया।
विवाद, पैसों का लेन-देन और कथित अवैध संबंध बने वजह-
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का अपनी पत्नी के साथ विवाद होता था और वह उसे गाली-गलौच करने के साथ घर से निकल जाने की धमकी देता था। वहीं आरोपी नरबद साहू द्वारा मृतक से दिए गए पैसों की वापसी मांगने को लेकर भी विवाद होने की बात सामने आई। जांच में मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू और नरबद साहू के बीच कथित अवैध संबंध होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार आपसी विवाद, पैसों के लेन-देन और कथित अवैध संबंधों से जुड़े विवाद के चलते हत्या की गई। वारदात के बाद हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़






