जय राम🙏जय जोहार साथियों
मोबाइल नेटवर्क की समस्या, ऑनलाइन पढ़ाई और डिजिटल सेवाएं प्रभावित होने से ग्रामीणों ने कलेक्टर को दिया ज्ञापन।

राजनांदगांव- जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम तोतलभर्री में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने जनदर्शन में कलेक्टर जितेंद्र यादव से मुलाकात कर समस्या के निराकरण की मांग की। ग्रामीणों की ओर से भाजपा ग्रामीण मंडल डोंगरगढ़ के उपाध्यक्ष नीरज तेजराम छेदैया ने आवेदन सौंपकर गांव में बेहतर मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
गांव में पर्याप्त मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई के अलावा ग्रामीणों को आवश्यक ऑनलाइन कार्यों और डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में मोबाइल नेटवर्क सुविधा का विस्तार कराने के लिए आवश्यक पहल करने की मांग की। उनका कहना है कि वर्तमान डिजिटल दौर में मोबाइल नेटवर्क शिक्षा, सरकारी योजनाओं और विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं तक पहुंचने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद कलेक्टर जितेंद्र यादव ने जल्द निराकरण के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन की पहल से गांव में नेटवर्क की समस्या दूर होगी और उन्हें बेहतर संचार सुविधा मिल सकेगी।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़




