जय राम🙏जय जोहार साथियों
ऑनलाइन गेमिंग में 10 लाख का कर्ज, चुकाने के लिए रची चोरी की साजिश; दो आरोपी गिरफ्तार।

सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चुराए, रायपुर के मकान से चोरी किए गहने भी बरामद; कार समेत 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
डोंगरगढ़- ऑनलाइन गेमिंग की लत में करीब 10 लाख रुपये का कर्ज होने पर उसे चुकाने के लिए चोरी की साजिश रचने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम ठाकुरटोला निवासी दीपक वर्मा के सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए थे। साइबर सेल एवं पुलिस चौंकी मोहारा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी के जेवरात, घटना में प्रयुक्त कार तथा रायपुर के अरिहंत नगर स्थित मकान से चोरी किए गए सोने के आभूषण सहित कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी दीपक वर्मा निवासी ग्राम ठाकुरटोला ने 25 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह वह परिवार के साथ किसानी कार्य से खेत गया था। दोपहर में घर लौटने पर ताला टूटा मिला और आलमारी से सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। रिपोर्ट पर पुलिस चौकी मोहारा में धारा 331 एवं 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में पुलिस चौकी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह एवं साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में पुलिस चौकी मोहारा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी में जांच के दौरान ग्राम ठाकुरटोला निवासी सुरेन्द्र साहू एवं गणेश्वर नेताम की संलिप्तता सामने आई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सुरेन्द्र साहू ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये हारने के बाद कर्ज में डूब गया था। कर्ज चुकाने के लिए दोनों ने चोरी की योजना बनाई। करीब तीन माह पूर्व दीपक वर्मा के घर की रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के दिन सुबह करीब 4 बजे दोनों घर के पास पहुंचे। गणेश्वर नेताम ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे छत पर चढ़कर छिप गया, जबकि सुरेन्द्र साहू आसपास निगरानी करता रहा।
सुबह घर के सदस्यों के खेत जाने के बाद सुरेन्द्र ने मोबाइल से सूचना दी, जिसके बाद गणेश्वर नीचे उतरकर लोहे की रॉड से ताला तोड़ते हुए घर में घुसा और आलमारी से सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन एवं पैरपट्टी चोरी कर ली। वारदात के बाद दोनों कार क्रमांक CG 04 NZ 3480 से रायपुर पहुंचे और इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये के मकान में रहने लगे। चोरी के जेवर बेचने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर कुछ आभूषण किराए के मकान में छिपाकर रख दिए।
पुलिस जांच में आरोपी सुरेन्द्र साहू द्वारा ग्राम के परिचित हेमंत साहू के रायपुर में अरिहंत नगर स्थित मकान में घरेलू कामकाज के दौरान एक जोड़ी सोने के टॉप्स एवं झुमके चोरी कर मुथूट फाइनेंस डोंगरगढ़ में गिरवी रखने की बात भी सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से ग्राम ठाकुरटोला की चोरी के सोने-चांदी के जेवरात 8.50 लाख ₹, वारदात में प्रयुक्त कार– 5 लाख ₹, रायपुर के अरिहंत नगर से चोरी किए गए सोने के जेवरात– 2 लाख ₹। इस प्रकार कुल 15 लाख 50 हजार ₹ की संपत्ति जब्त।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र साहू पिता प्यारा दास साहू (36 वर्ष), एवं गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम पिता प्रितम नेताम (25 वर्ष) दोनों निवासी ग्राम ठाकुरटोला, पुलिस चौंकी मोहारा, थाना डोंगरगढ़ के रूप में हुई है। आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया के साथ मामले की अग्रिम विवेचना जारी है।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़




