जय राम🙏जय जोहार साथियों
डोंगरगढ़- शा.उ.मा. शाला उपरवाह की कक्षा 10वीं की छात्रा भारती साहू को बोर्ड परीक्षा परिणाम में अंग्रेजी विषय के प्रैक्टिकल में अनुपस्थित दर्शाते हुए पूरक घोषित किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा पक्ष का आरोप है कि परिणाम जारी होने के बाद उसे पुनः परीक्षा देने के लिए दबाव बनाया गया तथा क्लास टीचर द्वारा कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया।

मामले को लेकर डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने गुरुवार को राजनांदगांव कलेक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम से मुलाकात की और जिला प्रशासन को पूरे मामले से अवगत कराया। विधायक ने बताया कि छात्रा भारती साहू ने कक्षा 10वीं बोर्ड की परीक्षा दी थी, लेकिन छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के परीक्षा परिणाम में उसे अंग्रेजी विषय के प्रैक्टिकल में अनुपस्थित दर्शाते हुए पूरक घोषित किया गया है। विधायक ने छात्रा की परीक्षा, प्रोजेक्ट कार्य एवं परीक्षा परिणाम से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में स्कूल स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही या छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार की पुष्टि होती है, तो संबंधित जिम्मेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। विधायक ने छात्रा के शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए मामले का शीघ्र निराकरण कर नियमानुसार उचित समाधान करने की मांग की।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़







