ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर दो महिलाओं से 36.70 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जय राम🙏जय जोहार साथियों

डोंगरगढ़- ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं से कुल 36.70 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी कैलाश सेठी (37) पिता बिगनेश्वर सेठी निवासी सेक्टर 10 मीनाक्षी नगर, चंद्राकर भवन के पास, दुर्ग को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना डोंगरगढ़ में धारा 318(4), 238 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

केस 1- प्रतिमा पाल पति वीरेंद्र पाल निवासी वार्ड नं. 21 डोंगरगढ़ ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने अपनी ‘प्योर ट्रेडिंग’ नामक कंपनी में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाकर 30 मई 2023 से 4 मई 2025 के बीच ऑनलाइन एवं नगद माध्यम से कुल 27.50 लाख रुपए लिए। इनमें से करीब 19 लाख रुपए वापस किए गए, जबकि 8.50 लाख रुपए वापस नहीं किए गए।

केस 2- नमिता चौबे पति शैलेंद्र चौबे निवासी सब्जी मंडी डोंगरगढ़ से आरोपी ने 7 फरवरी 2023 से 7 मई 2025 के बीच कुल 55 लाख रुपए प्राप्त किए। इसमें से करीब 26.80 लाख रुपए वापस किए गए, जबकि 28.20 लाख रुपए की राशि वापस नहीं की गई। दोनों मामलों में आरोपी ने कुल 82.50 लाख रुपए प्राप्त किए और 45.80 लाख रुपए लौटाए, जबकि 36.70 लाख रुपए वापस नहीं किए गए।

दोनों शिकायतों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी कैलाश सेठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक लाभ का प्रलोभन देकर राशि प्राप्त करने के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में डोंगरगढ़ थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल, सउनि धन्ना सिन्हा, आरक्षक अरुण मनहर, आरक्षक तिलक कंवर एवं महिला आरक्षक सुषमा मराठे का योगदान रहा।

विमल अग्रवाल

संपादक- डीजी न्यूज़

1
0
5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!