डोंगरगढ़ नवरात्रि- ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जय राम🙏जय जोहार साथियों

11 से 19 अक्टूबर तक डोंगरगढ़ में विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित मार्ग और पार्किंग स्थल-

राजनांदगांव- क्वांर नवरात्रि पर्व के दौरान मां बम्लेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ में दर्शन के लिए छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस राजनांदगांव ने 11 से 19 अक्टूबर 2026 तक सुगम यातायात, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत राजनांदगांव शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही पदयात्रियों के लिए निर्धारित मार्ग, वन-वे व्यवस्था और अलग-अलग दिशाओं से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

भारी वाहनों के लिए डायवर्सन निर्धारित-

नवरात्रि के दौरान दुर्ग, धमतरी और बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहन गुण्डरदेही से अर्जुन्दा, सुरगी और हल्दी होते हुए राजनांदगांव बायपास का उपयोग करेंगे।

बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मोहारा बायपास, खैरागढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को गठुला तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-53 से गुजरने वाले भारी वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर और सीआईटी बायपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

रायपुर से खैरागढ़ जाने वाले भारी वाहन रसमड़ा से गनियारी और नगपुरा होते हुए निर्धारित मार्ग से जाएंगे। वहीं, चिचोला से लालबहादुर नगर होते हुए डोंगरगढ़ की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को चिचोला से डायवर्ट कर राजनांदगांव होकर खैरागढ़ की ओर जा सकेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में रायपुर की ओर से आने वाले वाहन खुटेरी, भर्रेगांव, मोखला, सुरगी और हल्दी होते हुए राजनांदगांव बायपास पहुंच सकेंगे।

पदयात्रियों के लिए निर्धारित मार्ग-

राजनांदगांव कलेक्टर के आदेशानुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर अंजोरा से रामदरबार तक नागपुर से रायपुर की दिशा में सड़क का दायां हिस्सा पदयात्रियों के लिए आरक्षित रहेगा। इस दौरान वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। पदयात्रियों के लिए रामदरबार से अग्रवाल ट्रांसपोर्ट, टांकापारा मार्ग, वेसलियन स्कूल, पुराना रेस्ट हाउस रोड, बलदेव बाग रोड, बीएनसी मिल, संगम चौक तुलसीपुर, बख्तावर चाल गली, मोतीपुर रेलवे अंडरब्रिज, नवागांव, लिटिया, सुकुल दैहान, मुसरा, बेलगांव और अछोली होते हुए डोंगरगढ़ तक मार्ग निर्धारित किया गया है। श्रद्धालुओं से इसी मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई है।

अलग-अलग दिशाओं से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग-

राजनांदगांव की ओर से कार और मोटरसाइकिल से आने वाले श्रद्धालु तुमड़ीबोड़, मुरमुंदा और बधियाटोला होते हुए क्षीरपानी तथा गुरुद्वारा पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे।

नागपुर की ओर से आने वाले छोटे वाहन चिचोला से लालबहादुर नगर और गाजमर्रा होते हुए डोंगरगढ़ पहुंचेंगे। इनके लिए पुराने नेहरू कॉलेज के पहले स्थित मैदान और गौशाला पार्किंग निर्धारित की गई है।

खैरागढ़ की ओर से आने वाले श्रद्धालु हाई स्कूल पार्किंग तथा नेहरू कॉलेज के पास निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करेंगे।

बोरतलाव की ओर से चारपहिया वाहनों से आने वाले श्रद्धालु पुराने नेहरू कॉलेज के पास और गौशाला पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे, जबकि दोपहिया वाहनों के लिए नगर पालिका पार्किंग निर्धारित की गई है।

वापसी के दौरान भी निर्धारित मार्ग का करें उपयोग-

गुरुद्वारा और क्षीरपानी पार्किंग से लौटने वाले श्रद्धालु मुरमुंदा पहुंचकर उरईडबरी मार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग पर निकलेंगे। रायपुर की ओर जाने वाले वाहन चालक राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाईं ओर तथा नागपुर की ओर जाने वाले दाईं ओर के मार्ग का उपयोग करेंगे।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील-

यातायात पुलिस वाहन चालकों से निर्धारित दिशा में ही वाहन चलाने और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, निर्धारित गति से वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की है। साथ ही मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए या नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने, निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने तथा यातायात पुलिस के संकेतकों, बैरिकेडिंग और निर्देशों का पालन करने कहा गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की संख्या, यातायात के दबाव और सुरक्षा की स्थिति के अनुसार व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

विमल अग्रवाल

संपादक-डीजी न्यूज़

2
0
5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!