जय राम🙏जय जोहार साथियों
अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़, 243 बल्क लीटर मध्यप्रदेश निर्मित विदेशी मदिरा व्हिस्की जप्त।
राजनांदगांव- डोंगरगढ़ ब्लॉक में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई। ग्राम कातुलवाही, मुसरा के समीप छापेमारी कर लगभग 27 पेटी मध्य प्रदेश की अवैध शराब, खाली बोतलें और ढक्कन जब्त किए हैं। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर बिना सर्च वारंट के थाना डोंगरगढ़ ग्राम मुसराकला निवासी भिखारी निषाद के ग्राम कातलवाही नाला किनारे बाड़ी स्थित मकान में जांच की गई। जांच के दौरान 264 नग बोतल बॉम्बे व्हिस्की प्रत्येक में 750 एमएल तथा 250 नग पाव गोवा व्हिस्की प्रत्येक में 180 एमएल कुल मात्रा 243 लीटर तथा 200 नग खाली बोतल मध्यप्रदेश का लेबल लगा, 500 पाव की खाली बोतल छत्तीसगढ़ का लेबल लगा, 220 नग ढक्कन टूटे हुए मध्यप्रदेश का लेबल लगा तथा 715 नग साबुत ढक्कन छत्तीसगढ़ का लेबल लगा मौके से बरामद कर जप्त किया गया। घटना स्थल से जांच के दौरान थाना डोंगरगढ़ ग्राम छीपा निवासी आरोपी चंद्रकांत सेन उर्फ सोनू को मकान से भागते देखा गया। विदित रहे कि पूर्व में भी छिपा निवासी युवक का अवैध शराब का काला कारनामा उजागर हुआ था।आबकारी उपनिरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बनाने और बेचने का कारोबार को लेकर विभाग की पैनी नजर थी जिस पर बड़ी सफलता मिली है।
आरोपियों के विरूद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की विभिन्न धाराओं के तहत गैरजमानतीय अपराध होने पर प्रकरण कायम किया गया है। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक अनिल सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक दिलीप प्रजापति, मुख्य आरक्षक लाल सिंह राजपूत व ओमप्रकाश सिन्हा शामिल थे।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़








