जय राम🙏जय जोहार साथियों
नकली शराब के लेबल-होलोग्राम तैयार करने वाले गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार
डोंगरगढ़- थाना डोंगरगढ़, पुलिस चौकी मोहारा एवं साइबर/क्राइम टीम के द्वारा नकली शराब के लेबल, होलोग्राम स्टीकर और पैकेजिंग सामग्री तैयार कर शराब की दोबारा बॉटलिंग करने वाले गिरोह का खुलासा किया गया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मोहारा में नकली शराब की बॉटलिंग मामले की विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी देवव्रत वर्मा ने फरार आरोपी महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी के कहने पर छत्तीसगढ़ निर्मित जम्मू व्हिस्की के लेबल और होलोग्राम स्टीकर तैयार कराने के लिए ग्राम मोहारा स्थित डायमंड कलेक्शन की प्रिंटिंग दुकान संचालक तेजेश्वर साहू से संपर्क किया था। पुलिस को करीब 3,000 जम्मू व्हिस्की लेबल और 3,000 होलोग्राम स्टीकर तैयार कराने की जानकारी मिली है। दोनों के बीच हुए UPI लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी पुलिस ने प्राप्त किए हैं।
पुलिस ने आरोपी तेजेश्वर वर्मा की प्रिंटिंग दुकान से लेजर प्रिंटर, मॉनिटर, CPU, की-बोर्ड, माउस और मोबाइल फोन सहित 1.50 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है। वहीं देवव्रत वर्मा से मोबाइल फोन, एक होलोग्राम स्टीकर और जम्मू व्हिस्की का लेबल तथा आनंद अग्रवाल से 2,100 नग 180 एमएल क्षमता की प्लास्टिक बोतलें जिस पर ‘SALE FOR CHHATTISGARH STATE ONLY’, ‘CSMCL’ और ‘CGFL’ अंकित है एवं मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
ग्राम मोहारा में हाल ही में नकली शराब की अवैध बॉटलिंग मामले की पूर्व विवेचना में पुलिस ने दउवा वर्मा और नन्द किशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी को गिरफ्तार किया था। ग्राम मोहारा स्थित बोरघर से 497 नग 180 एमएल पौवा शराब, कुल 89.46 लीटर, बरामद की गई थी। इसमें 429 नग उत्तराखंड निर्मित शराब और 68 नग छत्तीसगढ़ निर्मित जम्मू व्हिस्की के अलावा होलोग्राम स्टीकर, शराब के लेबल, खाली बोतलें, ढक्कन तथा अन्य पैकेजिंग सामग्री शामिल थी।
पुलिस के अनुसार, अब तक मामले में जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 2,42,462 ₹ है। आबकारी विभाग के परीक्षण में जब्त शराब के नमूनों को प्रथम दृष्टया मिलावटी एवं पुनः बॉटलिंग की गई शराब बताया गया है। वहीं लेबल, स्टीकर और पैकेजिंग सामग्री को संदिग्ध बताया गया है। इनकी पुष्टि के लिए सामग्री को FSL तथा संबंधित निर्माण इकाइयों से सत्यापित कराया जा रहा है।
दो आरोपी फरार, डिजिटल साक्ष्यों की जांच-
मामले में मोहारा निवासी महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी और डोंगरगढ़ निवासी राजा भाटिया फरार हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है। पुलिस मोबाइल फोन, UPI लेन-देन, कॉल डिटेल सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही शराब के निर्माण, पुनः बॉटलिंग, लेबलिंग, पैकेजिंग, परिवहन और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 537/2026, धारा 111, 336(3), 338, 340(2) BNS तथा 34(2), 59(क), 36, 49(क) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है-
1) तेजेश्वर साहू पिता भागवत राम साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी विचारपुर, थाना ठेलकाडीह, जिला केसीजी।
2) देवव्रत वर्मा पिता पुरन वर्मा, उम्र 20 वर्ष, निवासी मोहारा, थाना डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव के खिलाफ पूर्व में अपराध क्रमांक 238/2026, धारा 111 BNS, 34(2) एवं 36 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध होना पाया गया है
3) आनंद अग्रवाल पिता केदारमल अग्रवाल, उम्र 47 वर्ष, निवासी जयस्तंभ चौक डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव।
प्रकरण में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी-
1) दउवा वर्मा पिता मोहन वर्मा, उम्र 60 वर्ष
2) नन्द किशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी पिता कुमार वर्मा, उम्र 26 वर्ष।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़




