जय राम🙏जय जोहार साथियों
राजनांदगांव- जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर दो शासकीय कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। इनमें डोंगरगांव विकासखंड की शासकीय प्राथमिक शाला मलईडबरी के प्रधान पाठक रणजीत लाल धुर्वे और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय डोंगरगढ़ के सहायक ग्रेड-03 संतोष कुमार यादव शामिल हैं।
जांच के अनुसार रणजीत लाल धुर्वे के 15 सितम्बर को शराब लेकर शाला में उपस्थित होने की शिकायत की पुष्टि ग्रामीणों, संकुल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक की मौजूदगी में जांच में हुई। इसे पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं शिक्षकीय गरिमा के विपरीत आचरण माना गया।
वहीं, संतोष कुमार यादव पर कार्यालय में शराब का सेवन कर उपस्थित होने, स्टाफ से अभद्र व्यवहार एवं गाली-गलौज करने तथा बिना सूचना अनुपस्थित रहने के आरोप जांच में पाए गए। पूर्व में कई बार कारण बताओ नोटिस और समझाइश के बावजूद व्यवहार में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की गई।
दोनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के उल्लंघन पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में धुर्वे का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजनांदगांव और यादव का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी डोंगरगांव निर्धारित किया गया है।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़





