राजनांदगांव- मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना 2026 के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जय राम🙏जय जोहार साथियों

राजनांदगांव- राज्य की समृद्ध लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन तथा कलाकारों को प्रोत्साहन प्रदान करने के उद्देश्य से संस्कृति विभाग द्वारा “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना 2026” के तहत प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ अंचल की विभिन्न लोक कलाओं से जुड़े कार्यशील कलाकारों एवं कला दलों को आर्थिक सहायता एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।

योजना में नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कलाकार, छत्तीसगढ़ पाक कला (छत्तीसगढ़ी व्यंजन) तथा छत्तीसगढ़ सौन्दर्यकला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। संस्कृति विभाग ने बताया कि आवेदन निर्धारित प्रारूप में ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन प्रारूप विभाग की वेबसाइट http://www.cgculture.in तथा संचालनालय संस्कृति विभाग, नवा रायपुर कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य होगा। योजना के तहत पात्र कलाकारों को उनकी विधा के अनुसार न्यूनतम 12 हजार रुपये से अधिकतम 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदान की जाएगी। आवेदनकर्ता की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आय प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। तहसीलदार द्वारा विगत वित्तीय वर्ष के लिए जारी आय प्रमाण-पत्र को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित कलाकारों एवं कला दलों को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार प्रोत्साहन राशि मिलेगी तथा अगले दो वर्षों तक वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। आवेदन के साथ बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड तथा पैन कार्ड की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक होगा।

योजना के लिए आवेदन पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजे जाएंगे। आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। लिफाफे पर स्पष्ट रूप से “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना 2026” अंकित करना होगा।संस्कृति विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन समिति का निर्णय अंतिम होगा तथा प्रस्तुत प्रविष्टियों के संबंध में किसी प्रकार का पत्राचार स्वीकार नहीं किया जाएगा। योजना संबंधी विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट http://www.cgculture.in पर उपलब्ध है।

विमल अग्रवाल

संपादक-डीजी न्यूज़

0
0
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!