डोंगरगढ़- श्रीकृष्ण गौशाला में नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जय राम🙏जय जोहार साथियों

श्री कृष्ण गौशाला में नई कार्यकारिणी ने कमान संभालते ही गौसेवा, गौ आहार, स्वच्छता और परिसर विकास को लेकर बनाई ठोस कार्ययोजना।

डोंगरगढ़- श्रीकृष्ण गौशाला पिंजरापोल डोंगरगढ़ में आयोजित आवश्यक बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन कर सदस्यों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए। गौशाला के सुचारू संचालन, गौवंश की बेहतर देखभाल और व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर बैठक में व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई। दीपावली से पूर्व गौशाला परिसर को व्यवस्थित एवं सुसज्जित करने के साथ ही गौ आहार के पर्याप्त भंडारण, स्वच्छता, पार्किंग और गौसेवा को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया।

अध्यक्ष गोविंदलाल चोपड़ा ने जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा कि यह पद नहीं, बल्कि गौसेवा के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसे सभी सदस्यों को विश्वास, निष्ठा और जवाबदेही के साथ निभाना होगा। उन्होंने सभी सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए गौशाला की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का आह्वान किया।

नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष गोविंदलाल चोपड़ा, उपाध्यक्ष सुनील तापड़िया, मनमोहन अग्रवाल एवं राजू छाजेड़, महामंत्री श्रेयस भैया, सहमंत्री विवेक मोनू भंडारी एवं विनय रिंकू बंसल, कोषाध्यक्ष सोनू नरेड़ी तथा सह-कोषाध्यक्ष रितेश पचेरिवाल एवं मनीष दरगड़ को जिम्मेदारी सौंपी गई।

गौशाला के विभिन्न कार्यों के लिए विभागवार प्रभार भी निर्धारित किए गए। दुग्ध प्रबंधन की जिम्मेदारी गोविंद चोपड़ा, विनय बंसल, मनीष दरगड़, राजू छाजेड़ एवं गणेश नरेड़ी को दी गई। गौ आहार एवं चारा प्रबंधन का दायित्व गोविंद चोपड़ा, सोनू नरेड़ी, श्रेयस भैया, प्रकाश अग्रवाल एवं राजू भूत को सौंपा गया। गौसेवा एवं संरक्षण की जिम्मेदारी सोनू नरेड़ी, गणेश नरेड़ी, मनमोहन अग्रवाल, गोपाल दम्माणी एवं राजू भूत संभालेंगे। परिसर प्रबंधन एवं स्वच्छता का दायित्व राजू छाजेड़, विजय चौरड़िया, राजू भूत, रितेश पचेरिवाल एवं गोपाल दम्माणी को तथा जनसंपर्क एवं समन्वय की जिम्मेदारी गोविंद चोपड़ा, राजू छाजेड़, विजय चौरड़िया, रितेश पचेरिवाल एवं विवेक मोनू भंडारी को दी गई।

बैठक में शासन के नियमों के अनुरूप पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर भी चर्चा हुई। दीपावली से पूर्व गौशाला के पूरे प्रांगण को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुसज्जित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, रंग-रोगन एवं अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।

गौवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में गौ आहार एवं चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा भविष्य की आवश्यकता के अनुरूप स्टॉक रखने की योजना बनाई गई। विशेषज्ञों की सलाह से गौवंश की आवश्यकता एवं पोषण के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले आहार का चयन करने तथा उसकी गुणवत्ता एवं उपलब्धता की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में प्रत्येक प्रभारी के कार्यक्षेत्र की स्पष्ट जवाबदेही तय करने और कार्यों की नियमित समीक्षा करने का निर्णय लिया गया। गौसेवा एवं संरक्षण, स्वच्छता, पारदर्शिता, बेहतर आहार व्यवस्था और सुव्यवस्थित संचालन को गौशाला की आगामी कार्ययोजना का प्रमुख आधार बनाया गया है। अध्यक्ष गोविंदलाल चोपड़ा ने सभी सदस्यों से समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करते हुए गौशाला को बेहतर व्यवस्थाओं के साथ विकसित करने का आह्वान किया।

विमल अग्रवाल

संपादक-डीजी न्यूज़

2
0
5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!