राजनांदगांव- ग्रामीण अंचल के ताईक्वांडो खिलाड़ियों ने की महापौर से मुलाकात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जय राम🙏जय जोहार साथियों

नशा नहीं, शिक्षा और खेल ही युवा शक्ति की असली पहचान है- मधुसूदन यादव

राजनांदगांव- डोंगरगढ़ क्षेत्र के अत्यंत ग्रामीण अंचल बोरतलाव के प्रतिभावान ताईक्वांडो खिलाड़ियों ने हाल ही में राजनांदगांव के महापौर एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी उपलब्धियों की जानकारी देते हुए उनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुलाकात के दौरान जिला खेल संघ अध्यक्ष एवं भाजपा नेता विवेक मोनू भंडारी ने सभी खिलाड़ियों का परिचय कराते हुए बताया कि ग्रामीण अंचल के युवाओं में खेल के प्रति लगातार उत्साह बढ़ रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद ये खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन खिलाड़ियों को उचित सुविधाएं और मार्गदर्शन मिलता रहा तो आने वाले समय में ये खिलाड़ी जिले के साथ-साथ प्रदेश और देश का भी नाम रोशन कर सकते हैं।

इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव ने खिलाड़ियों से चर्चा करते हुए उनके प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति बढ़ती रुचि की सराहना करते हुए कहा कि खेल और शिक्षा ही ऐसे माध्यम हैं जो युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखकर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

खिलाड़ियों के कोच गौतम ने इस दौरान बताया कि अभ्यास के लिए पर्याप्त मैट और किट की कमी के कारण कई बार खिलाड़ियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा चोट लगने का खतरा भी बना रहता है। इस पर महापौर यादव ने त्वरित रूप से खिलाड़ियों के लिए आवश्यक किट उपलब्ध कराने तथा जल्द ही अभ्यास के लिए मैट की व्यवस्था कराने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा से खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल देखा गया।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी इन ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों का एक दल राज्य के खेल मंत्री अरुण सॉव से मुलाकात कर चुका है, जहां उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई थी।

बोरतलाव के खिलाड़ियों ने हाल ही में आयोजित विभिन्न राज्य स्तरीय ताईक्वांडो प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। इनमें स्कूल गेम्स राज्य स्तरीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता (गौरला-पेंड्रा-मरवाही) तथा राज्य स्तरीय ओपन ताईक्वांडो चैंपियनशिप (रायपुर, जनवरी 2026) प्रमुख हैं, जिनमें खिलाड़ियों ने कई पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

इन प्रतियोगिताओं में भविष्य मांडवी, राजेंद्र कवर, डी. हिमेश राव और रागिनी कवर ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया। वहीं अलोक कवर, धर्मा कवर, कुशल यादव, राधिका यादव और वेदिका तोमर ने सिल्वर मेडल हासिल किया। इसके अलावा भानुप्रताप मांडवी, दूज उइके, आदित्य कुमार, संदीप यादव, खुशबू सोरी, दुर्गेश्वरी वर्मा, हिना उज्वाने और देव यादव ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया।

खिलाड़ियों ने महापौर मधुसूदन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से उन्हें बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे भविष्य में और अधिक मेहनत कर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे।

विमल अग्रवाल

संपादक-डीजी न्यूज़

1
0
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!