जय राम🙏जय जोहार साथियों
वित्तीय अनियमितता पाये जाने पर तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य दौलत राम आंचले निलंबित
राजनांदगांव- जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल ने डोंगरगांव विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मोहड़ के तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य (मूल पद व्याख्याता) दौलत राम आंचले को विभागीय अंकेक्षण रिपोर्ट के आधार पर वित्तीय अनियमितता पाये जाने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार डोंगरगांव विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मोहड़ के तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य (मूल पद व्याख्याता) दौलत राम आंचले द्वारा मद प्रभारी के जानकारी के बिना विभिन्न मदों से 5 लाख 44 हजार 500 रूपए आहरण किये जाने की शिकायत पर दो सदस्यीय जांच दल गठित कर जांच कराया गया। जांच प्रतिवेदन के अभिमत के आधार पर प्रभारी प्रचार्य दौलत राम आंचले द्वारा मद प्रभारियों की जानकारी बिना तथा क्रय समिति की बैठक प्रस्ताव व अनुमोदन के शासकीय राशि का नियम विरूद्ध विभिन्न मदों से राशि आहरण करना वित्तीय अनियमितता को दर्शाने का लेख किया गया है। साथ ही जांच अधिकारी द्वारा प्रभारी प्राचार्य आंचले के विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा पर विभागीय अंकेक्षण रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितता पाये जाने के कारण उनके विरूद्ध पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज करने विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी डोंगरगांव को निर्देशित किया गया है तथा कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी राजनांदगांव को अवगत कराने कहा गया है। साथ ही दौलत राम आंचले को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच संस्थित करने संचालक लोक शिक्षण संचालनालय इन्द्रावती भवन अटल नगर, नवा रायपुर को पत्र प्रेषित किया गया है।
विमल अग्रवाल
संपादक डीजी न्यूज़








