जय राम🙏जय जोहार साथियों
राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 हेतु नामांकन आमंत्रित।
31 जुलाई 2026 तक करें ऑनलाइन आवेदन, छह श्रेणियों में प्रतिभाशाली बच्चों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान। नामांकन क्यू.आर. को स्कैन करके भी कर सकते हैं।

राजनांदगांव- प्रतिभाशाली बच्चों के लिए राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 हेतु नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां एवं उल्लेखनीय योगदान दिया हो।
राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के अंतर्गत छह प्रमुख श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी शामिल हैं। पात्रता के अनुसार ऐसे बच्चे, जिनकी आयु 31 जुलाई 2026 को 18 वर्ष से कम हो तथा जिन्होंने अपने क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धि हासिल की हो, नामांकन के लिए पात्र होंगे। नामांकन प्रक्रिया में विशेष रूप से बालिकाओं, कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति तथा दिव्यांग बच्चों की प्रतिभाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उनकी उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर उचित पहचान मिल सके।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार नामांकन एवं अनुशंसा केवल ऑनलाइन भारत सरकार के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल http://awards.gov.in के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन की प्रक्रिया 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 31 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। अधिक जानकारी एवं पात्र बच्चों के नामांकन के लिए इच्छुक अभिभावक, शिक्षक एवं नागरिक कार्यालय जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा चाइल्डलाइन 1098 से संपर्क कर सकते हैं। अपने आसपास के ऐसे प्रतिभाशाली एवं योग्य बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित करें, ताकि उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिल सके।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़






