जय राम🙏जय जोहार साथियों
राजनांदगांव- गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा वर्ष 2027 के गणतंत्र दिवस अवसर पर दिए जाने वाले प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार श्रृंखला के तहत- पद्मविभूषण, पद्मभूषण और पद्मश्री के लिए भारत सरकार के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल http://awards.gov.in पर 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाईन माध्यम से नामांकन प्रस्ताव आमंत्रित किया गया है।

नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से प्रारंभ हो गई है। सरकार ने आमजन से अपील की है कि वे समाज के ऐसे गुमनाम और अनछुए नायकों को सामने लाएं, जो विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।
सरकार की मंशा है कि इन पुरस्कारों के माध्यम से सुदूर वनांचल, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान की जाए, जिन्होंने समाज सेवा, कला, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
साथ ही अधिकारियों को अपने क्षेत्र में विशेष प्रतिभाओं की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें विशेष रूप से महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांगजन और दूरदराज के क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास के योग्य और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने में सहयोग करें।
पद्म पुरस्कारों के लिए इच्छुक, योग्य एवं पात्र व्यक्ति अपना नामांकन प्रस्ताव 10 जुलाई 2026 तक जिला कार्यालय राजनांदगांव के कक्ष क्रमांक 94 में प्रस्तुत कर सकते है।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़







