जय राम🙏जय जोहार साथियों
डोंगरगढ़- भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र में किए गए प्रमुख वादों में शामिल आवासीय पट्टा एवं भूमि स्वामित्व (मालिकाना हक) प्रदान करने की दिशा में डोंगरगढ़ नगर में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। पात्र परिवारों को मालिकाना हक दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद एवं तहसील कार्यालय के राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सोमवार से व्यापक सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया गया।
सर्वे कार्य को प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए तीन संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। पहली टीम वार्ड क्रमांक 1 से 8, दूसरी टीम वार्ड क्रमांक 9 से 16 तथा तीसरी टीम वार्ड क्रमांक 17 से 24 में पहुंचकर पात्र हितग्राहियों का सर्वे कर रही है। सर्वे के माध्यम से पात्र परिवारों का सत्यापन कर उन्हें आवासीय पट्टा प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को भूमि का वैधानिक अधिकार दिलाना है। यह अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वर्षों से निवास कर रहे पात्र परिवारों को मालिकाना हक मिल सकेगा।
सर्वे कार्य के शुभारंभ के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोआना, नगर पालिका उपाध्यक्ष उमामहेश वर्मा, सभापति अमित जैन, सुमित ताम्रकार, रेखा राघौते, मंडल महामंत्री विनय बंसल, विनीत यादव, पप्पू नामदेव सहित राजस्व विभाग एवं नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम उपस्थित रही।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़







