जय राम🙏जय जोहार साथियों
चिखली दीनदयाल नगर हत्याकांड का चंद घंटों में खुलासा।जमीन खरीदी-बिक्री की कमीशन राशि को लेकर विवाद में हत्या, आरोपी गिरफ्तार।

राजनांदगांव-चिखली चौंकी क्षेत्र के दीनदयाल नगर में हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा ली। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और मृतक की कार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को चिखली दीनदयाल नगर में हत्या की सूचना मिलने पर चौंकी चिखली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। प्रार्थी विकास देवांगन की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, 2 सितंबर की रात उसका दोस्त अर्जुन वाधवानी घर से निकला था, लेकिन सुबह तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा तलाश करने पर दीनदयाल कॉलोनी में सुनील वर्मा के किराए के मकान के पीछे स्थित हॉल में अर्जुन वाधवानी का शव चादर में लिपटा हुआ मिला।
पुलिस चौंकी चिखली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की और आरोपी सुनील वर्मा उर्फ बबलू, पिता उमाशंकर वर्मा, उम्र 29 वर्ष, निवासी रामनगर, वर्तमान निवासी चिखली दीनदयाल नगर, जिला राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह और मृतक अर्जुन वाधवानी जमीन की खरीदी-बिक्री का काम करते थे। जमीन की खरीदी-बिक्री से प्राप्त करीब 6 लाख रुपये की कमीशन राशि में आरोपी के हिस्से की आधी रकम मृतक के पास थी। आरोपी के अनुसार, वह पिछले 6-7 माह से अपनी हिस्सेदारी की राशि मांग रहा था, लेकिन मृतक द्वारा लगातार टालमटोल की जा रही थी। घटना वाले दिन आरोपी के किराए के मकान में इसी कमीशन राशि को लेकर दोनों के बीच दोबारा हुए विवाद के दौरान आरोपी ने मकान में रखे लोहे के सब्बल से अर्जुन वाधवानी के सिर और माथे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के शव को चादर में लपेटकर मकान के पीछे स्थित हॉल में रख दिया और मकान में ताला लगा दिया। इसके बाद हत्या में प्रयुक्त सब्बल और घटना के समय पहने कपड़ों को छिपाने के लिए मृतक की कार का इस्तेमाल किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लोहे का सब्बल तथा घटना में प्रयुक्त मृतक की कार बरामद कर ली है।
पुलिस ने आरोपी सुनील वर्मा उर्फ बबलू के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़





