जय राम🙏जय जोहार साथियों
जनसमस्याओं को लेकर विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने किया खैरागढ़ कलेक्ट्रेट का घेराव।
खैरागढ़/डोंगरगढ़- डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई कलेक्ट्रेट का घेराव किया। डोंगरगढ़ विधानसभा के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।
इन प्रमुख मांगों को लेकर हुआ प्रदर्शन-
प्रदर्शन के दौरान खपरी सिरदार-ढारा मार्ग निर्माण, प्रधानपाठ बैराज के क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत, मूढ़ीपार में नवीन महाविद्यालय का संचालन, ठेलकाडीह में संत गुरु घासीदास बाबा नवीन महाविद्यालय भवन निर्माण, पुल-पुलिया निर्माण, पर्याप्त खाद उपलब्धता, शक्कर के बढ़े दामों पर रोक, अघोषित बिजली कटौती बंद करने तथा अधिक बिजली बिल की समस्या का निराकरण सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें उठाई गईं।
समस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रखने की बात-
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने ग्रामीणों और किसानों की मांगों को प्रशासन के समक्ष रखते हुए कहा कि जनसमस्याओं को केवल ज्ञापन तक सीमित नहीं रखा जा सकता। संबंधित विभागों को समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की जायज मांगों को लगातार उठाया जाएगा और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
घेराव के दौरान नवाज खान, कोमल साहू, तेजराम वर्मा, उत्तम सिंह ठाकुर, दाऊ भूपेंद्र सिंह ठाकुर, रजभान लोधी, कमलेश्वर वर्मा सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
विमल अग्रवाल
संपादक-डीजी न्यूज़





