जय राम🙏जय जोहार साथियों
स्कूल में तालाबंदी के बाद जागा शिक्षा विभाग, नवीन स्कूल भवन के लिए 11.48 लाख स्वीकृत
राजनांदगांव- डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम तोतलभर्री में लंबे समय से भवन के अभाव में सामुदायिक भवन में संचालित शासकीय प्राथमिक शाला के लिए आखिरकार नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। स्कूल भवन एवं शिक्षक की कमी को लेकर ग्रामीणों, पालकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार मांग किए जाने के बावजूद स्वीकृति नहीं मिलने पर 25 सितंबर शुक्रवार को स्कूल में तालाबंदी कर विरोध जताया गया था।
तालाबंदी के बाद जागा शिक्षा विभाग-
जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास कुमार सिंह बघेल ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग के आदेशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के मुख्य बजट में शासकीय प्राथमिक शाला तोतलभर्री के नवीन भवन निर्माण के लिए 11 लाख 48 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। भवन का निर्माण कार्य वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद प्रारंभ किया जाएगा।
70 विद्यार्थियों पर एक नियमित शिक्षक-
विद्यालय में वर्तमान में करीब 70 विद्यार्थियों पर एक नियमित शिक्षक पदस्थ है। विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डीएमएफ मद से एक निजी ट्यूटर की नियुक्ति की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार आगामी शिक्षक भर्ती के बाद विद्यालय में रिक्त पदों की पूर्ति की जाएगी।
विमल अग्रवाल
संपादक- डीजी न्यूज़







